इराक़ की राजधानी बग़दाद में आज हुए भीषण विस्फोट में कम से कम 7 व्यक्ति हताहत और 32 अन्य घायल हुए हैं। प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, यह कार बम विस्फोट केन्द्रीय बग़दाद के बाबुश्शरजी क्षेत्र में स्थित गृह मंत्रालय की इमारत के निकट हुआ। यह विस्फोट स्थानीय समयानुसार लगभग साढ़े सात बजे हुआ। ज्ञात रहे गत गुरुवार को बग़दाद के नौ क्षेत्रों में हुए दस बम विस्फोटों में दर्जनों व्यक्ति हताहत और सौ से अधिक घायल हुए थे। इराक़ में यह विस्फोट ऐसे समय हुआ है जब 325 सीटों वाली इराक़ी संसद में 82 सीटों वाली इराक़िया पार्टी संसद में भाग नहीं ले रही है। इराक़ी प्रधान मंत्री नूरी मालेकी ने सचेत किया है कि यदि इराक़िया दल के वर्तमान मंत्री मंत्रीमंडल के सत्र में उपस्थित नहीं हुए तो वह नए मंत्री नियुक्त करेंगे।इराक़ी मंत्रीमंडल की मंगलवार को बैठक है और अभी तक इराक़िया गठबंधन के मंत्रियों ने बैठक में भाग लेने या न लेने की घोषणा नहीं की है। ज्ञात रहे इराक़ी उपराष्ट्रपति तारिक़ अलहाशेमी के तीन अंगरक्षकों द्वारा इस अपराध की स्वीकारोक्ति के पश्चात कि पिछले कई वर्षों में तारिक़ अलहाशेमी के आदेश पर उन्होंने आतंकवादी आक्रमण किए हैं 19 दिसंबर को इराक़ के गृह मंत्रालय ने उप राष्ट्रपति तारिक़ अलहाशेमी की गिरफ़्तारी का वारेंट जारी किया था। इराक़ के उप राष्ट्रपति तारिक़ अलहाशेमी इस समय इराक़ी कुर्दिस्तान के सुलैमानिया प्रांत में हैं।
........
166